बागेश्वर:पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती हर्षौल्लास के साथ मनाई गई,सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा समारोह


बागेश्वर,
📌 पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती पर श्रद्धा-सुमन, युवाओं को मिली प्रेरणा
📌 स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. पंत को जिले ने किया नमन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा समारोह
जिले में भारत रत्न, महान स्वतंत्रता सेनानी और उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्व. पं. गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाई गई।


इस अवसर पर जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने जिला मुख्यालय स्थित पीडब्ल्यूडी तिराहे पर पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। तत्पश्चात वे भारत रत्न गोविंद बल्लभ पंत समारोह समिति द्वारा पंत चौक बाजार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए और वहां भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर में तथा मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने विकास भवन में पंत जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

अपने सम्बोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि पं. गोविंद बल्लभ पंत केवल स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी ही नहीं, बल्कि कुशल प्रशासक, प्रखर वक्ता और समाज सुधारक भी थे। उन्होंने समाज की कुरीतियों को समाप्त करने में पं. गोविंद वल्लभ पंत की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। जिलाधिकारी ने उनके शैक्षिक उपलब्धता का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को पंत जी के जीवन से प्रेरणा लेकर ईमानदारी, टीम भावना तथा अनुसंधान व नवाचार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति भी इसी दिशा में युवाओं को मार्गदर्शन देने पर केंद्रित है।

जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या ने भी अपने सम्बोधन में पं. गोविंद बल्लभ पंत को स्मरण करते हुए उनके योगदान को अमूल्य बताया और कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए समारोह समिति तथा उपस्थित प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त किया। नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने भी इस दौरान अपने संबोधन में पं. गोविंद बल्लभ पंत का स्मरण किया और अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष एवं अन्य अतिथियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाली विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोडके, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, तहसीलदार दिलीप सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी गजेंद्र सोन, कार्यक्रम संयोजक गोविंद सिंह भंडारी, कार्यक्रम संचालक दीप जोशी, संजय शाह जगाती, दिलीप खेतवाल, नरेंद्र खेतवाल, गोपाल राम, इंद्र सिंह परिहार, वृक्ष प्रेमी किशन सिंह मलड़ा, रमेश प्रकाश पर्वतीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक, प्रबुद्धजन एवं बड़ी संख्या में जनता उपस्थित रही।




