उत्तराखंड : यहां पहाड़ में एक और जिंदगी को खत्म कर गया गुलदार

ख़बर शेयर करें

गुलदार के हमले में किसान की मौत, गांव में दहशत
रुद्रप्रयाग | रुद्रप्रयाग जनपद के ग्राम पंचायत जौंदला में बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में गुलदार ने एक किसान को अपना शिकार बना लिया। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान पाली मल्ली तोक निवासी मनवर सिंह बिष्ट (54 वर्ष) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब पांच बजे मनवर सिंह बिष्ट अपनी गौशाला की ओर गए थे, लेकिन देर तक घर नहीं लौटे। जब परिजनों ने खोजबीन की तो गौशाला के पास खून के निशान दिखे। इसके बाद ग्रामीणों ने खोज शुरू की और करीब 200 मीटर दूर मनवर सिंह का शव क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा मिला।
ग्राम प्रधान अनिल नेगी और ग्रामीण देवेंद्र चमोली ने बताया कि मनवर सिंह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। वे खेती-बाड़ी करते थे। उनकी बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा देहरादून में पढ़ाई कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही विधायक भरत सिंह चौधरी और पालिका अध्यक्ष संतोष रावत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुलदार को आदमखोर घोषित करने, गांव में पिंजरा लगाने और मृतक के एक परिजन को रोजगार देने की मांग की।
डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि विभाग की ओर से पीड़ित परिवार को तात्कालिक मुआवजा राशि के रूप में 1.80 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया है। गांव में पिंजरा लगाया जा रहा है और क्विक रिस्पांस टीम तथा रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है। गुलदार के लार के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad
Ad
Ad
Ad