बागेश्वर:व्यापार मंडल की नई कार्यकारणी के बाद पहली आम बैठक,बैठक में तय बाहरी क्षेत्र से आकर व्यापार करने वालों पर लगाई जाएगी रोक

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर:व्यापार संघ चुनाव संपन्न होने के बाद बागेश्वर में व्यापार मंडल की नई कार्यकारणी गठित हो गई है ।नई कार्यकारणी के आने के बाद आज पहली आम बैठक बागनाथ मंदिर परिसर में आयोजित की गई। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही पुरानी कार्यकारणी ने पूर्व का लेखा जोखा नई कार्यकारिणी के हाथों में सौंपा।इस दौरान सभी व्यापारियों ने संगठन की मजबूती पर बल दिया।

आयोजित बैठक में तय किया गया कि अपनी दुकानों के आगे बाहरी व्यापारियों को कोई जगह नहीं देगा। बाजार में वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी। इसके लिए नगर पालिका से बात कर दुग बाजार व चौक बाजार में गेट बंद करवाया जाएगा। नगर में बाहरी क्षेत्र से आकर व्यापार करने वालों पर रोक भी लगाई जाएगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि बैठकों के लिए व्यापार मंडल दरियां और लाउडस्पीकर भी खरीदेगा। जिससे आने वाले समय में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। दीपावली के बाद साप्ताहिक बंदी पर भी विचार किया जाएगा । किसी भी व्यापारी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। संगठन की मदद से हर समस्या का समाधान होगा। बैठक की अध्यक्षता नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष कवि जोशी व संचालन सचिव पुष्कर किरमोलिया ने किया। इस मौके पर जिला महामंत्री अनिल कार्की, नगर व्यापार मंडल उपाध्यक्ष इंदू चौधरी, हेम जोशी, पूर्व अध्यक्ष हरीश सोनी, उमेश साह, सुरेश तिवारी, दीपक जोशी, हेम चंद्र कांडपाल, प्रकाश जोशी, विपिन साह, जगदीश नेगी समेत संगठन से जुड़े अन्य व्यापारी मौजूद रहे।