चारधाम यात्रा ने तोड़े पुराने रिकॉर्ड, गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख श्रद्धालु

ख़बर शेयर करें

देहरादून: चारधाम यात्रा में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। गंगोत्री धाम में पहली बार दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 7.84 लाख के पार पहुंच गया है। वहीं यमुनोत्री धाम में भी 7 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। बद्रीनाथ धाम की यात्रा भी पिछले साल की तुलना में काफी आगे चल रही है।

12 सितंबर तक इस यात्रा सीजन में चारधाम के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 50 लाख 28 हजार 497 पहुंच गई है। पिछले साल इसी अवधि तक 45 लाख 09 हजार 324 श्रद्धालु चारधाम पहुंच चुके थे। यानी इस बार अब तक 5 लाख 19 हजार 173 अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
यात्रा सीजन में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है। ऐसे में आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

गंगोत्री में पहली बार 7.84 लाख श्रद्धालु
गंगोत्री धाम में इस बार यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 12 सितंबर तक यहां 7 लाख 84 हजार 321 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या इस आंकड़े तक पहुंची है।

इससे पहले 2022, 2023 और 2025 में गंगोत्री में श्रद्धालुओं की संख्या 7 लाख के पार गई थी। वर्ष 2022 में 7 लाख 81 हजार 961, वर्ष 2023 में 7 लाख 12 हजार 749 और वर्ष 2025 में 7 लाख 58 हजार 249 श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम में दर्शन किए थे।

यमुनोत्री में भी 7 लाख का आंकड़ा पार
यमुनोत्री धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। इस बार अब तक 7 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2025 में यहां सबसे अधिक 6 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु पहुंचे थे। इस बार यह आंकड़ा पहले ही पार हो चुका है।

बद्रीनाथ में भी बढ़ी श्रद्धालुओं की संख्या
बद्रीनाथ धाम की यात्रा भी पिछले साल के मुकाबले आगे चल रही है। 23 अप्रैल से शुरू हुई बद्रीनाथ यात्रा ने 12 सितंबर तक 143 दिन पूरे कर लिए हैं। इस दौरान 17 लाख 28 हजार 578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं।

पिछले वर्ष इसी अवधि में 13 लाख 82 हजार 845 श्रद्धालु बद्रीनाथ पहुंचे थे। इस तरह इस साल अब तक 3 लाख 45 हजार 733 अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।

हेमकुंट साहिब में भी रिकॉर्ड संख्या
श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में उत्साह बना हुआ है। इस बार यहां अब तक 3 लाख 19 हजार 135 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं। बताया गया है कि पिछले कई वर्षों की तुलना में यह संख्या काफी अधिक है।

सुरक्षा पर भी विशेष फोकस
चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यात्रा मार्गों और व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर यात्रा से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा का पहला चरण सफल रहा है और दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट रखा गया है।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad