देहरादून:(बिग न्यूज) इस भर्ती परीक्षा की आई अपडेट
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने व्यक्तिगत सहायक और सहायक समीक्षा अधिकारी के पदों के लिए टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार यह परीक्षा 15 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
आयोग के विज्ञापन संख्या 70/उ0अ0से0च0आ0/2025 के तहत विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय अर्हता के कुल 416 पदों के लिए 14 जून 2026 को लिखित प्रतियोगी परीक्षा आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा में अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन 22 सितंबर से 12 अक्टूबर 2026 तक आयोग कार्यालय में किया गया।
आयोग ने बताया कि व्यक्तिगत सहायक, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग तथा सहायक समीक्षा अधिकारी, राज्यपाल सचिवालय के पदों के लिए अभिलेख सत्यापन में शामिल अभ्यर्थियों की पदों की वरीयता और आवेदन पत्र में भरे गए पदों के अनुसार टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा के लिए अर्ह अभ्यर्थियों की सूची आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित की जा रही है।
अभ्यर्थियों को अर्हताओं का अध्ययन करने की सलाह
आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे विज्ञापन में उल्लिखित टंकण एवं आशुलेखन परीक्षा से संबंधित अर्हताओं का भली-भांति अध्ययन कर लें। परीक्षा केंद्र और समय से संबंधित जानकारी अभ्यर्थियों को प्रवेश-पत्र के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारी, प्रवेश-पत्र और अन्य आवश्यक सूचनाओं के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.sssc.uk.gov.in का नियमित रूप से अवलोकन करते रहें।

