एबीवीपी पदाधिकारियों से मिले सीएम धामी, बोले- युवाओं को खुद को अपडेट रखना जरूरी

ख़बर शेयर करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए छात्रसंघ चुनाव में जीत दर्ज करने वाले सभी पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छात्र जीवन में मिलने वाली जिम्मेदारियां युवाओं के लिए खुद को बेहतर बनाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अच्छा अवसर होती हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से काम करने की अपील की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने एबीवीपी की संगठनात्मक भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद लंबे समय से छात्रहित के साथ सामाजिक और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर काम कर रही है। उनके मुताबिक संगठन युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी, नेतृत्व और समाज के प्रति संवेदनशीलता की भावना विकसित करने में भी भूमिका निभाता है।
सीएम धामी ने कहा कि किसी भी संगठन को मजबूत बनाने में उसके कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जिम्मेदारी अहम होती है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से छात्र-छात्राओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं को समझकर सकारात्मक तरीके से काम करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने की सलाह देते हुए ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल माध्यमों के दौर में युवाओं को समय के साथ खुद को अपडेट रखना जरूरी है। युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों के साथ देश-दुनिया में हो रहे बदलावों की जानकारी भी रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ संवाद, नेतृत्व, निर्णय लेने की क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारियों पर भी ध्यान देना चाहिए। व्यक्तिगत विकास के साथ संगठन और समाज को मजबूत बनाने में भी युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से उम्मीद जताई कि वे छात्र-छात्राओं की समस्याओं और अपेक्षाओं को समझते हुए उनके हित में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और सकारात्मक सोच राज्य और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।
मुलाकात के दौरान एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस दौरान छात्रहित से जुड़े मुद्दों और संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad