महंगाई का झटका ,आंचल के दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में इजाफा

Ad
ख़बर शेयर करें

महंगाई का एक और झटका! आंचल के दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में इजाफा।

अब आंचल दूध खरीदने के लिए खर्च करने होंगे ज्यादा पैसे, कई उत्पादों के दाम बढ़े।

लालकुआं। उत्तराखंड के उपभोक्ताओं को अब दूध और दुग्ध उत्पादों के लिए अधिक कीमत चुकानी होगी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने अपने आंचल ब्रांड के दूध एवं अन्य दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगी। नई मूल्य सूची के अनुसार दूध, पनीर और क्रीम सहित कई उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि उपभोक्ताओं के लिए संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी गई है। इसके तहत आंचल के विभिन्न उत्पाद अब नई निर्धारित दरों पर बाजार में उपलब्ध होंगे। मूल्य वृद्धि में सबसे अधिक इजाफा आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक पर किया गया है। इसकी कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है। यानी उपभोक्ताओं को अब एक किलो क्रीम के लिए 50 रुपये अधिक चुकाने होंगे।
वहीं, आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये कर दी गई है। इसी तरह आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के 6 लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये निर्धारित की गई है।
नई मूल्य सूची के अनुसार आंचल गाय के दूध की कीमत 58 रुपये प्रति लीटर से बढ़ाकर 60 रुपये कर दी गई है। शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क अब 60 रुपये के बजाय 63 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। वहीं, डबल टोंड मिल्क की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये प्रति लीटर निर्धारित की गई है।
इसके अलावा आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत में भी 5 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पहले 80 रुपये में मिलने वाला पनीर का पैक अब 85 रुपये में उपलब्ध होगा।

20 नवंबर से ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा असर

गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी समेत अन्य निजी दुग्ध कंपनियों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा आंचल उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी किए जाने के बाद स्थानीय उपभोक्ताओं पर भी महंगाई का असर पड़ना तय है।
सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने स्पष्ट किया कि 20 नवंबर 2026 से सभी संबंधित उत्पाद नई निर्धारित दरों पर बेचे जाएंगे। ऐसे में अब आंचल दूध और दुग्ध उत्पादों का इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को खरीदारी के दौरान बढ़ी हुई कीमतें चुकानी होंगी।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad