सीएम धामी ने यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस योजना को लागू करने का किया अनुरोध?

ख़बर शेयर करें

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीते रोज पार्लियामेंट हाउस, नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े जनपदों में हिम प्रहरी योजना लागू किये जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से जुड़े जनपदों के ग्रामों से हो रहे पलायन को रोकने, दैवीय आपदा में राहत व बचाव कार्यों के लिये पुलिस, आईटीबीपी व एसएसबी के सहयोग से सीमा रक्षक दल/ हिम प्रहरी दलों का गठन किया जाना प्रस्तावित है। उक्त दल में सम्मिलित व्यक्तियों को प्रोत्साहन भत्ते के रूप में मानदेय प्रस्तावित है। इस पर लगभग 5 करोड़ 45 लाख रूपए का व्यय भार अनुमानित है। इसमें केंद्र का सहयोग निवेदित है। मुख्यमंत्री श्री धामी ने राज्य पुलिस को और अधिक प्रभावी व आधुनिक बनाए जाने के लिए राज्य पुलिस बल आधुनिकीकरण योजना में प्रति वर्ष 20 से 25 करोड़ रूपए का बजट स्वीकृत किये जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अपराध से पीड़ित महिलाओं के राहत व पुनर्वास के लिये निर्भया फंड बहुत महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार द्वारा निर्भया फंड के लिए केंद्र को ₹25 करोड़ का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने उक्त प्रस्ताव को जल्द स्वीकृत किए जाने का भी अनुरोध किया।