उत्तराखंड: हिंदी दिवस पर प्रदेशवासियों को CM धामी की शुभकामनाएं, कही ये बात
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं है…बल्कि यह भारतीय सभ्यता, संस्कृति और भारतीयता की पहचान भी है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी हमारी सांस्कृतिक भावनाओं, आकांक्षाओं और आदर्शों को व्यक्त करने वाली भाषा है। यह देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के साथ ही विविधता में एकता की भावना को भी बढ़ावा देती है।उन्होंने कहा कि भारतीय समाज को जोड़ने और सामाजिक चेतना जगाने में हिंदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी हिंदी ने देशवासियों को एकजुट करने में अहम योगदान दिया।सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार हिंदी के संरक्षण, संवर्धन और प्रोत्साहन के लिए लगातार काम कर रही है। हिंदी के गौरव और सम्मान को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि हिंदी दिवस के अवसर पर अपने दैनिक जीवन में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का संकल्प लें। साथ ही राजभाषा हिंदी के सम्मान और विकास में अपनी भागीदारी निभाएं।


