बागेश्वर:सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन , लचर कानून व्यवस्था को लेकर सरकार का किया पुतला दहन

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लचर कानून व्यवस्था को लेकर ज़ोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर के एसबीआई तिराहे में राज्य सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की और महिलाओं एवं बेटियों के साथ हो रहे अपराधों पर गंभीर चिंता जताई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम मात्र की रह गई है। भाजपा से जुड़े नेता लगातार आपराधिक घटनाओं में संलिप्त पाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने के बजाय बचाव किया जा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाल ही में नैनीताल में भाजयुमो के पूर्व जिला महामंत्री देव सिंह बगडवाल पर पोक्सो अधिनियम और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध का मामला दर्ज हुआ। इसके बावजूद शासन- प्रशासन द्वारा ठोस कार्यवाही न होना बेहद शर्मनाक है। यह स्पष्ट दर्शाता है कि सरकार अपराधियों को बचाने में लगी है।कांग्रेस जिलाध्यक्ष भगवत सिंह डसीला ने कहा कि भाजपा के नेता लगातार बेटियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में पकड़े जा रहे हैं। लेकिन सरकार इन मामलों को दबाने और दोषियों को बचाने का काम कर रही है। यह बेटियों की सुरक्षा के साथ खुला मज़ाक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं प्रदेश में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा कर रही हैं। उन्होंने सरकार पर बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसे नारों को मज़ाक बनाने का भी आरोप लगाया और कहा कि जब सत्ता में बैठे लोग ही अपराधियों को संरक्षण देंगे तो आम जनता का न्याय पर से भरोसा उठ जाएगा।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने मांग की कि इस प्रकरण में शामिल सभी दोषियों पर शीघ्र और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी,पूर्व दर्जा राज्यमंत्री राजेंद्र टंगड़िया,देवेंद्र सिंह परिहार, लक्ष्मी धर्मशक्तू,दिनेश कुमार, ललित गिरी,कुंदन गिरी,अर्जुन कुमार आदि मौजूद रहे।

सभी ने एक सुर में कहा कि सरकार का दोहरा रवैया अब जनता के सामने उजागर हो चुका है और इसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad