बागेश्वर:जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, सीएम हेल्पलाइन और हेलो बागेश्वर पर प्राप्त समस्याओं की भी समीक्षा

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

📌 जनसुनवाई में जिलाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, सीएम हेल्पलाइन और हेलो बागेश्वर पर प्राप्त समस्याओं की भी समीक्षा

जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। जनसुनवाई में मुख्य रूप से विद्युत, पेयजल, आपदा, सड़क अवसंरचना, पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।

जनसुनवाई के उपरांत जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल एवं हेलो बागेश्वर पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतकर्ताओं से शत-प्रतिशत कॉलिंग सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।

समीक्षा के दौरान विद्युत विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को जारी किए जा रहे त्रुटिपूर्ण एवं असंतोषजनक बिजली बिलों पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विभाग को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों के समाधान के लिए रोस्टर तैयार कर अभियान चलाया जाए, सभी गलत बिलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा की गई कार्रवाई की प्रगति रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में खराब मोबाइल नेटवर्क एवं इंटरनेट कनेक्टिविटी पर भी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बीएसएनएल अधिकारियों के साथ इस संबंध में पृथक से बैठक आयोजित करने के निर्देश दिये।

बैठक में अनुपस्थित रहने पर मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ), अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग बागेश्वर (पीडब्ल्यूडी) तथा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) के संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी नरेश कुमार, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल, समस्त जिलास्तरीय अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad