बागेश्वर:विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिलाधिकारी की बैठक आयोजित: मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु पारदर्शी, समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही के निर्देश

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर,

📌विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर जिलाधिकारी की बैठक आयोजित: मतदाता सूची शुद्धिकरण हेतु पारदर्शी, समयबद्ध एवं समन्वित कार्यवाही के निर्देश

जनपद में अप्रैल माह में प्रस्तावित निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, एआरओ, एईआरओ एवं नोडल अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव भी प्राप्त किए गए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) निर्वाचन आयोग की एक नियमित एवं महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत मतदाता सूची को अद्यतन एवं शुद्ध किया जाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता या भ्रम की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि यह पूरी कार्यवाही पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न की जाएगी।

उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों (एसडीएम) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, बीएलए एवं बीएलओ के साथ बैठक कर पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी साझा करें। साथ ही बीएलओ के माध्यम से घर-घर सत्यापन कार्य को गंभीरता से कराते हुए निर्धारित समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत, स्थानांतरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों का विलोपन तथा मतदाता विवरणों में आवश्यक संशोधन किया जाएगा। उन्होंने पुनः आश्वस्त किया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम नहीं काटा जाएगा।

जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों के साथ वार्ता करते हुए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए तथा कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन से संबंधित प्रत्येक गतिविधि में आपसी तालमेल अत्यंत आवश्यक है, जिससे पूरी प्रक्रिया सुचारु एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें तथा पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने हेतु प्रेरित करें।

सहायक निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र देवली ने अवगत कराया कि प्री-एसआईआर के अंतर्गत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य गतिमान है, और भारत निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देश पर आगे की कार्यवाही सम्पन्न की जाएगी।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित संबंधित अधिकारी एवं भाजपा के प्रतिनिधि मदन राम आगरी, कांग्रेस के प्रतिनिधि चामू सिंह, रवि करायत और सुरेश कांडपाल सहित अन्य संबंधित कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad