फायर टीम बागेश्वर ने बागेश्वर बाजार क्षेत्र का किया सघन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण, मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को दी गयी चेतावनी

फायर टीम बागेश्वर ने बागेश्वर बाजार क्षेत्र का किया सघन अग्नि सुरक्षा निरीक्षण, मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों को दी गयी चेतावनी।
पुलिस मुख्यालय, देहरादून द्वारा गोवा क्लब में हुए अग्निकांड की दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए, जनपद में स्थित सभी पर्यटन स्थलों और सघन व्यावसायिक क्षेत्रों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने हेतु संबंधित को निर्देशित किया गया है।
पुलिस अधीक्षक महोदय बागेश्वर के निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक-12/12/2025 को फायर सर्विस बागेश्वर टीम द्वारा नगर के अति सघन दुग बाजार क्षेत्र में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
प्रभारी अग्निशमन अधिकारी (FSSO) श्री गोपाल सिंह रावत के कुशल मार्गदर्शन में फायर यूनिट बागेश्वर की टीम ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों का गहनता से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि बाजार के कई प्रमुख प्रतिष्ठानों के पास अग्नि सुरक्षा के अनिवार्य उपकरण (जैसे फायर एक्सटिंग्विशर) उपलब्ध नहीं थे।
फायर टीम ने सभी संबंधित दुकान स्वामियों और प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए कि वे तत्काल प्रभाव से अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुसार सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करें। साथ ही, उन्हें उपलब्ध उपकरणों के उचित संचालन और रख-रखाव के संबंध में भी जागरूक किया गया।
बागेश्वर पुलिस और फायर विभाग का यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।


