बागेश्वर:टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “JOSH” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ

ख़बर शेयर करें


टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “JOSH” कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ
बागेश्वर, 08 अक्टूबर 2026।
जनपद बागेश्वर को टीबी मुक्त बनाने के संकल्प को और अधिक मजबूत करने तथा युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “JOSH” कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। JOSH कार्यक्रम का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ नई दिल्ली से माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जे. पी. नड्डा जी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया, जिसके क्रम में जनपद बागेश्वर में भी इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।


कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं, NCC कैडेट्स, MY Bharat Volunteers तथा समुदाय की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, संभावित टीबी मरीजों की पहचान एवं जांच को प्रोत्साहित करना और समाज में टीबी के प्रति व्याप्त भ्रांतियों एवं कलंक को दूर करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्रीमती पार्वती दास जी तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती शोभा आर्या जी, अध्यक्ष जिला पंचायत बागेश्वर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी, बागेश्वर की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि टीबी केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसे समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। विशेष रूप से युवा वर्ग समाज में जागरूकता फैलाने, टीबी के लक्षणों की जानकारी देने, संभावित मरीजों को जांच के लिए प्रेरित करने तथा उपचार के दौरान मरीजों का मनोबल बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. निष्ठा कोहली शर्मा, आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, श्री कैलाश गिरी, ADPRO बागेश्वर, कैप्टन मोहन सिंह धामी एवं श्री सुनील कुमार जी, NCC सहित NCC कैडेट्स एवं MY Bharat Volunteers ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. अमित मिश्रा, डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. चंद्र शेखर पाठक एवं डॉ. रिया लोहुमी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बागेश्वर ब्लॉक के समस्त CHO उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान टीबी के प्रमुख लक्षणों, समय पर जांच एवं उपचार, निक्षय पोर्टल के माध्यम से मरीजों के पंजीकरण, उपचार की निरंतरता तथा समुदाय स्तर पर टीबी की पहचान के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उपस्थित प्रतिभागियों को यह संदेश दिया गया कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना, भूख कम लगना अथवा कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और आवश्यकतानुसार तत्काल जांच करानी चाहिए।
JOSH टीम की भूमिका
“JOSH” कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान का सक्रिय भागीदार बनाया जा रहा है। NCC कैडेट्स एवं MY Bharat Volunteers गांवों, विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं समुदाय के बीच जाकर टीबी के प्रति जागरूकता फैलाने, लोगों को जांच के लिए प्रेरित करने तथा टीबी से संबंधित सही जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा युवाओं एवं स्वयंसेवकों से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में टीबी के संभावित लक्षणों वाले व्यक्तियों को जांच के लिए प्रेरित करें तथा टीबी मरीजों के प्रति सहानुभूतिपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने के लिए समाज को जागरूक करें।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित अधिकारियों, स्वास्थ्य कर्मियों, CHO, NCC कैडेट्स एवं MY Bharat Volunteers ने टीबी मुक्त बागेश्वर एवं टीबी मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन इस संदेश के साथ किया गया कि जनभागीदारी, समय पर जांच, नियमित उपचार और जागरूकता के सामूहिक प्रयासों से ही टीबी को समाप्त किया जा सकता है।
“टीबी हारेगा — भारत जीतेगा।
मिलकर बनाएंगे टीबी मुक्त बागेश्वर, टीबी मुक्त भारत।”

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad