अंतरराष्ट्रीय ओपन कुक्कीवोन कप में बागेश्वर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन,1 स्वर्ण,1 रजत और 3 कांस्य पदक जीते


– अंतरराष्ट्रीय ओपन कुक्कीवोन कप में बागेश्वर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
– हृदयांश एकेडमी के खिलाड़ियों ने जीते 5 पदक 1 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य
बागेश्वर : बागेश्वर के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय कुक्कीवोन प्रतियोगिता 2025 में बेहतरीन प्रदर्शन कर जिले राज्य और देश का नाम रोशन किया। राजधानी दिल्ली में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हृदयांश एकेडमी के 10 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें से 5 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। खिलाड़ियों ने 1 स्वर्ण, 1 रजत और 3 कांस्य पदक अपने नाम किए।
स्वर्ण पदक प्रियांशु कार्की ने, रजत पदक हितांश उपाध्याय ने जबकि कांस्य पदक आराध्या, अनमोल और विशाल ने जीते। इस उपलब्धि से पूरे जिले में हर्ष की लहर दौड़ गई।
यह प्रतियोगिता कुक्कीवोन द्वारा आयोजित की जाती है, जो विश्व ताइक्वांडो का मुख्य केंद्र है। इस वर्ष पहली बार इसका आयोजन भारत में हुआ। प्रतियोगिता में दक्षिण कोरिया, जापान, फ्रांस, थाईलैंड, नेपाल, भूटान, श्रीलंका और भारत सहित 20 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें कनिष्ठ और वरिष्ठ वर्गों में विभिन्न भार वर्गों की प्रतिस्पर्धाएं हुईं।
कोच तथा सचिव जिला ताइक्वांडो एवं पारा एसोसिएशन बागेश्वर किशोर कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों ने पहली बार इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। विदेशी खिलाड़ियों से बच्चों को नई तकनीकें और रणनीतियां सीखने का अवसर मिला है, जो भविष्य में उनके खेल को और निखारेगा। वही स्वर्ण पदक विजेता प्रियांशु कार्की ने कहा कि प्रतियोगिता में कई देशों के खिलाड़ी पहुंचे थे। मैंने पूरे मन से खेला और स्वर्ण पदक जीता। मेरा सपना है कि मैं देश के लिए ओलंपिक में खेलूं और स्वर्ण पदक हासिल करूं। रजत पदक विजेता हितांश उपाध्याय ने कहा कि पहली बार दिल्ली में इतनी बड़ी प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिला। बहुत कुछ नया सीखने को मिला। हमारे कोच के मार्गदर्शन और मेहनत से ही यह सफलता मिली। खिलाड़ियों की इस सफलता पर जिलाधिकारी आशीष भटगाई, विधायक पार्वती दास, सुरेश गड़िया, जिला ताइक्वांडो एवं पारा संघ के अध्यक्ष इंद्र सिंह फर्स्वाण, उपाध्यक्ष गणेश धपोला, सह सचिव जगदीश उपाध्याय तथा कोषाध्यक्ष पवन आर्या ने बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।



