आगामी दीपावली पर्व के दृष्टिगत बागेश्वर फायर सर्विस अलर्ट; सरयू नदी में किया मॉक अभ्यास और चलाया सघन चेकिंग अभियान।
पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेंद्र मेहरा (IPS) के निर्गत दिशा-निर्देशों के अनुपालन में आगामी दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण व सुरक्षित संपन्न कराने हेतु जनपद पुलिस और फायर सर्विस टीम पूरी तरह सतर्क और तैयार है। त्योहार के दौरान संभावित अग्नि-दुर्घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा लगातार विशेष सुरक्षा और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस क्रम में फायर यूनिट द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में निम्नलिखित महत्वपूर्ण कार्यवाहियां की गईं।
सरयू नदी में फ्लोटिंग पंप का मॉक अभ्यास प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में आज फायर सर्विस टीम द्वारा सरयू नदी में मॉक अभ्यास किया गया। अभ्यास के दौरान नदी व तालाब जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी खींचने वाले ‘फ्लोटिंग पम्प’ की कार्यक्षमता और प्रेशर की गहन टेस्टिंग की गई। हौज पाइप में ब्रांच लगाकर किया गया यह परीक्षण पूरी तरह सफल रहा और पंप कुशलतापूर्वक कार्य करता पाया गया।
मुख्य बाजार व सरयू तट पर निरीक्षण प्रभारी अग्निशमन अधिकारी दिनेश चंद्र पाठक एवं प्रशिक्षु FSSO सचिन सेमवाल द्वारा मुख्य बाजार में भ्रमण कर व्यापारियों को जागरूक किया गया। टीम ने साफ निर्देश दिए कि अवैध रूप से आतिशबाजी का भंडारण न किया जाए। मुख्य बाजार व रिहायशी इलाकों में पटाखों की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। बिक्री केवल प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थल पर ही होगी। साथ ही, सरयू नदी के तट पर लगने वाली अस्थाई आतिशबाजी दुकानों का स्थलीय निरीक्षण कर दुकानदारों को पानी के ड्रम, बाल्टी और अग्निशामक यंत्र अनिवार्य रूप से रखने हेतु निर्देशित किया गया।

गरूड़ क्षेत्र में फायर रिस्क चेकिंग लीडिंग फायरमैन नागेंद्र प्रताप सिंह द्वारा गरुड़ क्षेत्र के अंतर्गत होटलों, रेस्टोरेंटों और पटाखा गोदामों का सघन फायर रिस्क निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रबंधकों और स्वामियों को अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कर्मचारियों को आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकासी और अग्निशमन उपकरणों को चलाने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

