बागेश्वर:बसंत उत्सव में कपकोट के प्रगतिशील किसान दीपक सिंह गढ़िया को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर

📌 बसंत उत्सव में कपकोट के प्रगतिशील किसान दीपक सिंह गढ़िया को किया सम्मानित

जनपद बागेश्वर के विकासखंड कपकोट की ग्राम सभा पोथिंग के प्रगतिशील किसान दीपक सिंह गढ़िया को देहरादून स्थित राजभवन में आयोजित बसंत उत्सव के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह द्वारा प्रदेश स्तरीय उत्कृष्ट कृषक का प्रथम पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

दीपक सिंह गढ़िया पिछले लगभग 7–8 वर्षों से आधुनिक तकनीकों के माध्यम से खेती कर क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने पारंपरिक खेती के साथ-साथ सब्जी उत्पादन, पुष्प उत्पादन, औषधीय पौधों की खेती तथा मशरूम उत्पादन को अपनाकर कृषि को व्यावसायिक स्वरूप दिया है।
उन्होंने लगभग 4–5 वर्षों तक मशरूम उत्पादन किया तथा मशरूम से अचार जैसे मूल्यवर्धित उत्पाद भी तैयार किए।

सब्जी उत्पादन के अंतर्गत वे टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, फूलगोभी, बंदगोभी, ब्रोकली, मटर और मूली जैसी विभिन्न सब्जियों का उत्पादन कर रहे हैं।

कोविड काल के दौरान उन्होंने एशियाटिक एवं ओरिएंटल लिलियम फूलों की खेती की शुरुआत की। वर्तमान में वे जरबेरा फूल की व्यावसायिक खेती कर रहे हैं, जिससे वर्षभर फूलों का उत्पादन हो रहा है। उनके द्वारा उत्पादित फूल हल्द्वानी और दिल्ली के फूल बाजारों तक भेजे जाते हैं, जिससे उन्हें अच्छा आर्थिक लाभ प्राप्त हो रहा है।

उद्यान विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए पॉलीहाउस तथा विभिन्न कृषि संस्थानों के तकनीकी मार्गदर्शन से उनकी खेती निरंतर प्रगति कर रही है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणादायक बन रही है।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad