बागेश्वर में राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के संबंध में शिक्षकों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम संपन्न

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, DIET बागेश्वर में शनिवार को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 के संदर्भ में विज्ञान एवं गणित विषय के लगभग 80 शिक्षक-शिक्षिकाओं का एक दिवसीय अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस अवसर पर जिला अकादमिक समन्वयक कैलाश प्रकाश चंदौला, DIET के प्राचार्य डॉ. मनोज पांडे, प्रवक्ता डॉ. बी.डी. पांडे, डॉ. सी.एम. जोशी, डॉ. के.एस. रावत सहित जनपद के विभिन्न विद्यालयों के विज्ञान एवं गणित के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

इस वर्ष राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का मुख्य विषय “स्थिरता के लिए विज्ञान और नवाचार” निर्धारित किया गया है। इस मुख्य विषय को 5 उप-विषयों में विभाजित किया गया है:

  1. कचरा प्रबंधन – R-5 मॉडल
  2. ऊर्जा संरक्षण – E-4 मॉडल
  3. जल संचयन, जल का विवेकपूर्ण उपयोग, पुनर्चक्रण एवं संरक्षण
  4. खाद्य, कृषि एवं स्वास्थ्य
  5. सतत विकास के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा का उपयोग

कार्यक्रम में जनपद समन्वयक दीप चंद्र जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन ब्लॉक, जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर किया जाता है। इसमें 10 से 14 वर्ष तक के छात्र-छात्राएं जूनियर वर्ग में तथा 14 से 17 वर्ष तक के छात्र-छात्राएं सीनियर वर्ग में प्रतिभाग करेंगे। आयु की गणना 31 दिसंबर 2026 के आधार पर की जाएगी।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में दो बाल वैज्ञानिकों का एक समूह होगा। एक समूह प्रमुख तथा दूसरा सहयोगी बाल वैज्ञानिक होगा। दोनों एक ही वर्ग के होने चाहिए। परियोजना निर्माण की प्रक्रिया को विस्तार से समझाते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन से बच्चों में वैज्ञानिक रुचि, प्राकृतिक जिज्ञासा का विकास होता है एवं विज्ञान के प्रति समझ विकसित होती है।

राज्य समन्वयक डॉ. अरविंद जोशी, गोल्डन न्यू एरा एजुकेशनल एंड सोशल सोसाइटी, अल्मोड़ा ने बताया कि विकासखंड, जनपद एवं राज्य स्तरीय आयोजन की तिथियों की सूचना शीघ्र जारी की जाएगी।

जनपद समन्वयक ने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे 15 अगस्त 2026 से पूर्व अपने विद्यालयों से जूनियर एवं सीनियर वर्ग में बाल वैज्ञानिकों का ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य कराएं।

कार्यक्रम में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने पूर्ण तन्मयता से प्रतिभाग किया।

Ad
Ad Ad