बागेश्वर:राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती धूमधाम से मनाने की तैयारी शुरू

ख़बर शेयर करें

जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में राज्य स्थापना दिवस “रजत जयंती” (25वीं वर्षगांठ) को भव्य रूप से मनाने हेतु बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराते हुए कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार किए जाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 09 नवम्बर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर एक सप्ताह तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी ब्लॉक व तहसील स्तर पर भी विभिन्न जन उन्मुख गतिविधियाँ आयोजित होंगी।

सीडीओ आरसी तिवारी ने समस्त विभागों को उनके कार्यदायित्वों से अवगत कराया। विशेष रूप से निर्देशित किया कि पर्यटन, शिक्षा, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, उद्यान, आजीविका, क्रीड़ा विभाग एवं अन्य विभाग अपनी-अपनी योजनाओं को जनसामान्य तक पहुँचाने के लिए शिविर एवं मेले आयोजित करें।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने निर्देशित किया कि “आजीविका मेला”, रोजगारपरक योजनाएँ, “नशा मुक्ति अभियान”, खेलकूद प्रतियोगिताएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाए, ताकि आमजन को अधिकतम लाभ मिल सके।

बैठक में यह भी तय किया गया कि सभी विभागीय अधिकारी शनिवार तक अपने-अपने कार्यक्रमों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे, जिससे कार्यों की समयबद्ध मॉनिटरिंग हो सके।

जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस का 25वां वर्ष “जनभागीदारी” और “जनकल्याण” को समर्पित होगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि यह पर्व जनता की सहभागिता के साथ उत्सव का रूप ले और विकास की नई दिशा दिखाए।

इस दौरान एडीएम एन एस नबियाल, एसडीएम ललित मोहन तिवारी, डीडीओ संगीता आर्या, परियोजना निर्देशक शिल्पी पंत एवं संबंधित विभागों के कार्यालाध्यक्ष उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad