बागेश्वर:”महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित।

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर

📌 “महिला आयोग आपके द्वार” अभियान के तहत जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग के अभियान “महिला आयोग आपके द्वार” के अंतर्गत विकास भवन सभागार में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष शायरा बानो की अध्यक्षता में जन सुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने उपाध्यक्ष का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष शायरा बानो ने जनपद की महिलाओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की रक्षा करना महिला आयोग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या अन्य शिकायत होने पर महिलाएं महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकती हैं।

कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न, महिलाओं के स्वास्थ्य एवं अधिकारों से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा महिलाओं को जागरूक किया गया।

जन सुनवाई कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा कुल 11 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिन पर उपाध्यक्ष शायरा बानो एवं मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को ससमय आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू लता, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Ad
Ad Ad