बागेश्वर: कपकोट में यहां सड़क दुर्घटना, खाई में गिरी बारात की बोलेरो,11 घायल, दो गंभीर
बागेश्वर। जनपद के कपकोट क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शामा भनार के पास लाथी–माजखेत मोटर मार्ग पर बारात लेकर जा रही एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कीमू गांव से धरमघर जा रही बारात की बोलेरो मोड़ पर चालक का नियंत्रण खो बैठी, जिससे वाहन सीधे खाई में जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार 11 बाराती घायल हो गए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है—
प्रताप राम (78 वर्ष), निवासी गोगिना
भूपेंद्र सिंह (35 वर्ष), निवासी कीमू
बलवंत सिंह (35 वर्ष), निवासी कीमू
डम्पी (40 वर्ष), निवासी कीमू
कुंदन सिंह (31 वर्ष), निवासी कीमू
शोबन राम (56 वर्ष), निवासी गोगिना
वीर सिंह (65 वर्ष), निवासी गोगिना
चंदर राम (60 वर्ष), निवासी गोगिना
कुशी राम (60 वर्ष), निवासी गोगिना
खेम सिंह (22 वर्ष), निवासी कापड़ी
डिगर सिंह (40 वर्ष), निवासी कीमू
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकाला और प्रशासन को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भी चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पहाड़ी सड़कों पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करने की मांग की है। वहीं प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

