बागेश्वर:राष्ट्रीय एकता दिवस पर बागेश्वर में रन फॉर यूनिटी मार्च का आयोजन
बागेश्वर, 31 अक्टूबर 2026। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत जनपद बागेश्वर में रन फॉर यूनिटी मार्च पास्ट का आयोजन किया गया।
सरदार पटेल जी ने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी की तथा आजादी के बाद देश के प्रथम गृहमंत्री एवं प्रथम उप प्रधानमंत्री के रूप में 562 से अधिक रियासतों में बंटे भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया, जिसके लिए उन्हें लौह पुरुष की उपाधि दी गई। उनका जन्म 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के नडियाद गाँव में हुआ था।
इस अवसर पर 81 यूके बटालियन एनसीसी बागेश्वर, खेल विभाग, नगर पालिका परिषद बागेश्वर, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में तहसील परिसर बागेश्वर से नुमाइश मैदान तक रन फॉर यूनिटी मार्च पास्ट का आयोजन किया गया।
मार्च पास्ट को नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
81 यूके बटालियन एनसीसी बागेश्वर के कमान अधिकारी कर्नल अजय सिंगल के निर्देशन में एनसीसी कैडेटों ने इस मार्च पास्ट में प्रतिभाग किया।
मार्च पास्ट में शामिल एनसीसी कैडेट, पुलिस के जवान, होमगार्ड के जवान देशभक्ति नारों के साथ आगे बढ़े –
“अनेकता में एकता – भारत की विशेषता”, “एकजुट भारत – प्रगतिशील भारत”, “एक भारत श्रेष्ठ भारत”, “दौड़ेगा भारत – जुड़ेगा भारत”, “सरदार पटेल अमर रहें”, “धर्म जाति के अंतर को तोड़ो, हाथ मिलाओ भारत को जोड़ो” आदि नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
नुमाइश मैदान में उपस्थित समस्त लोगों ने राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ ली –
“मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के लिए स्वयं को समर्पित करूंगा और अपने देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अपना योगदान करने का भी सत्यनिष्ठा से संकल्प करता हूँ।”
इस अवसर पर सीनियर सिटीजन ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीप सिंह खेतवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख इन्द्र सिंह परिहार, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बागेश्वर विनोद सिंह जीना, प्रभारी जिला खेल अधिकारी किरण नेगी, अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग कोच सुंदर सिंह गड़िया, एनसीसी अधिकारी प्रियंका भाकुनी, शंकर सिंह रौतेला, हिमांशु चौबे सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
मार्च पास्ट में उत्तराखण्ड पुलिस के जवान, होमगार्ड, 81 यूके बटालियन एनसीसी नगर क्षेत्र के विद्यालयों के एनसीसी कैडेट तथा खिलाड़ी छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का संचालन दीप चन्द्र जोशी, प्रधानाचार्य, पी.एम. श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर ने किया।

