बागेश्वर:U-COST द्वारा द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, जिले में 18 अगस्त को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता
U-COST द्वारा द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन, बागेश्वर में 18 अगस्त को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता*
बागेश्वर। दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक चेतना एवं वैज्ञानिक समझ विकसित करने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद U-COST के द्वारा द्वितीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है।
U-COST के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत के निर्देशन में विगत वर्ष से शुरू की गई इस अनूठी पहल का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों तक विज्ञान को पहुंचाना है। इस प्रीमियर लीग में आपदा प्रबंधन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, जलवायु परिवर्तन आदि विषयों पर केंद्रित प्रश्न पूछे जाएंगे।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जनपद बागेश्वर के समन्वयक दीप चंद जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय, विकासखंड, जनपद एवं राज्य स्तर पर किया जाएगा। शुरुआती चरण में प्रत्येक विद्यालय से 4 छात्रों की एक टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीमें विकासखंड स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगी। विकासखंड स्तर के बाद जनपद एवं राज्य स्तरीय प्रीमियर लीग का आयोजन होगा।
इस आयोजन से दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनमें वैज्ञानिक समझ के साथ-साथ प्राकृतिक जिज्ञासा का भी विकास होगा।
जनपद समन्वयक ने बताया कि बागेश्वर जनपद में विकासखंड स्तरीय प्रीमियर लीग का आयोजन 18 अगस्त 2026 को विकासखंड कपकोट, गरुड़ एवं बागेश्वर में किया जाएगा। मुख्य शिक्षा अधिकारी द्वारा खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि सभी विद्यालय इस प्रतियोगिता में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करें।
दीप चंद जोशी
जनपद समन्वयक
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रीमियर लीग, बागेश्वर

