बागेश्वर:शामा क्षेत्र में आंदोलनरत ग्रामीणों ने रविवार को अपना धरना प्रदर्शन किया स्थगित,उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल और आंदोलनकारियों के बीच हुई सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता के बाद निर्णय
बागेश्वर,
📌 संवाद से सुलझा गतिरोध: शामा में आंदोलन स्थगित
शामा क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं को लेकर पिछले कई दिनों से आंदोलनरत ग्रामीणों ने रविवार को अपना धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल और आंदोलनकारियों के बीच हुई सकारात्मक एवं सार्थक वार्ता के बाद स्थानीय लोगों ने यह निर्णय लिया।
उल्लेखनीय है कि क्षेत्रीय जनता 10 सूत्रीय मांगों को लेकर धरने पर बैठी थी। इनमें से 9 मांगों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ पूर्व में ही सहमति बन चुकी थी, जबकि मुख्य मुद्दा शामा स्थित शराब की दुकान को हटाने की मांग से संबंधित था, जिस पर सहमति बनना शेष था। रविवार को इसी विषय पर प्रशासन और जनता के बीच विस्तार से चर्चा की गई।
उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल ने जानकारी देते हुए बताया कि आंदोलनकारियों के साथ हुई वार्ता अत्यंत संतोषजनक रही। उन्होंने कहा कि शराब की दुकान से संबंधित प्रकरण में प्रशासन द्वारा विस्तृत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाएगी तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रशासन द्वारा पारदर्शी जांच का आश्वासन मिलने के बाद क्षेत्रीय जनता ने एकजुट होकर फिलहाल धरना प्रदर्शन स्थगित करने का निर्णय लिया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन उनकी शेष मांगों के समाधान हेतु भी शीघ्र प्रभावी कदम उठाएगा।

