बागेश्वर में नगर पालिका के एमआरएफ (MRF) गोदाम में लगी भीषण आग पर फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, टाला बड़ा हादसा।

Ad
ख़बर शेयर करें

बागेश्वर में नगर पालिका के एमआरएफ (MRF) गोदाम में लगी भीषण आग पर फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, टाला बड़ा हादसा।

आगामी पावन दीपावली त्योहार के दृष्टिगत सार्वजनिक व व्यावसायिक क्षेत्रों में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आतिशबाजी व भीड़भाड़ के कारण होने वाली संभावित अग्नि दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस व अग्निशमन प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्गत कड़े आदेश-निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 29/10/2025 की रात्रि को फायर स्टेशन बागेश्वर को एक आपातकालीन सूचना प्राप्त हुई कि नगर पालिका के गरुड़ रोड स्थित एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई है।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन बागेश्वर की टीम प्रभारी त्रिलोक राम के कुशल मार्गदर्शन में बिना समय गंवाए फायर टेंडर के साथ तत्काल मौके पर पहुँची। टीम ने बिना देरी किए मिनी हाई प्रेशर वाहन में उपलब्ध पानी को पम्पिंग कर होज रील की सहायता से आग बुझाने का कार्य प्रारम्भ कर दिया।
आग की भीषणता और फैलते दायरे को देखते हुए मौके पर तुरंत अतिरिक्त संसाधनों की मांग की गई। इसके बाद फायर स्टेशन गरुड़ से अग्निशमन वाहन संख्या UK07GA-3298 को अतिरिक्त फोर्स के साथ मौके पर बुलाया गया। दोनों स्टेशनों के वाहनों के बीच रिले पम्पिंग स्थापित कर लगातार पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की गई और अग्निशमन कार्य को तेजी से अंजाम दिया गया। फायर टीम ने बेहद सूझ-बूझ और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए लगभग 200 लीटर फोम और 04 फायर बॉल का उपयोग किया। टीम के कड़े संघर्ष और नगर पालिका कर्मियों के सक्रिय सहयोग से आग पर पूर्ण रूप से काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad