उत्तराखंड: यहां करीब 8 कुंतल सॉस और बिना लेबल की 351 बोतलों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया

ADVERTISEMENTS
ख़बर शेयर करें

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक अवैध सॉस निर्माण इकाई पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान फैक्ट्री में खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। टीम ने करीब 8 कुंतल सॉस और बिना लेबल की 351 बोतलों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग को लंबे समय से बाजार में बिना लेबल वाली सॉस बिकने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर विभाग की टीम ने रुड़की के मतलबपुर गांव स्थित एक फैक्ट्री में छापा मारा। जांच में पाया गया कि सॉस की बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, निर्माता का नाम, पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर और सामग्री की जानकारी जैसी जरूरी सूचनाएं दर्ज नहीं थीं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फैक्ट्री में साफ-सफाई की खराब स्थिति भी देखी। सॉस बनाने वाली मशीनों, दीवारों और फर्श पर गंदगी पाई गई। टीम ने मौके से तैयार सॉस के नमूने लेकर जांच के लिए रुद्रपुर स्थित प्रयोगशाला भेज दिए हैं।जांच में यह भी सामने आया कि फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाण पत्र जैसे जरूरी दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं करा सका।नियमों के उल्लंघन को देखते हुए विभाग ने करीब 8 कुंतल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत 32 हजार बताई गई है…उसे मौके पर ही नष्ट करा दिया। साथ ही संबंधित इकाई में सॉस और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। फैक्ट्री के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि पैक्ड खाद्य उत्पाद खरीदते समय उसका लेबल, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट और एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर जरूर जांचें। विभाग ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Ad
Ad Ad