उत्तराखंड: गैस सिलिंडर फटते ही भड़की आग, देखते ही देखते राख हो गए 30 मकान,सीएम धामी ने जताया दुख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

Ad
ख़बर शेयर करें

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आग की एक बड़ी घटना सामने आई है। मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में मंगलवार को लगी आग ने कई परिवारों को प्रभावित किया। आग इतनी तेजी से फैली कि करीब 30 लकड़ी के भवन इसकी चपेट में आकर जल गए। घटना के दौरान रसोई गैस सिलिंडर फटने से आग और भड़क गई।
बताया जा रहा है कि गांव के एक भवन में अचानक आग लग गई। मकान लकड़ी से बने होने के कारण लपटों ने कुछ ही समय में आसपास के भवनों को भी घेर लिया। इसी बीच गैस सिलिंडर में विस्फोट होने से स्थिति और गंभीर हो गई। आग की ऊंची लपटें देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर आग बुझाने की कोशिश की। किसी ने बाल्टियों से पानी डाला तो कोई उपलब्ध संसाधनों के जरिए आग को फैलने से रोकने में जुटा रहा। इसके बावजूद आग की चपेट में आए करीब 30 भवनों को नहीं बचाया जा सका।अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान हुआ है। घरों के जलने से उनके सामने रहने और जरूरी सामान की व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। भवनों में रखा घरेलू सामान भी आग में नष्ट होने की आशंका है।
पवाणी गांव में आग लगने की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। तहसीलदार सरदार सिंह चौहान ने बताया कि टीम घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेगी। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के नुकसान का आकलन भी किया जाएगा।

पवाणी अग्निकांड पर सीएम धामी ने जताया दुख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का दिया भरोसा

देहरादून। उत्तरकाशी के मोरी तहसील स्थित पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। आग में कई आवासीय भवन जलकर नष्ट होने की घटना पर मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और उन्हें हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन से राहत और बचाव कार्यों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों को जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा है। साथ ही प्रभावित लोगों के लिए भोजन, रहने की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को अग्निकांड से हुए नुकसान का जल्द आकलन करने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराने को भी कहा है।
सीएम धामी ने कहा कि इस मुश्किल समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों तक जल्द राहत पहुंचाना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी लोगों के सुरक्षित रहने की कामना भी की।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad