उत्तराखंड: सीएम धामी ने 46.18 करोड़ की विकास योजनाओं को दी मंजूरी
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए कुल 46.18 करोड़ की लागत की विभिन्न योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की है। इनमें सीवरेज प्रबंधन से जुड़ी चार महत्वपूर्ण योजनाएं और रुद्रपुर में नर्सिंग कॉलेज के निर्माण के लिए धनराशि का अनुमोदन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने पेयजल विभाग के अंतर्गत सीवरेज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 43.68 करोड़ की लागत वाली चार योजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें हरिद्वार के भगत सिंह कॉलोनी, हरिपुरकलां में सीवेज सिस्टम योजना के लिए 11.22 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नैनीताल जिले में दुर्गा सिटी चौराहा नवाबी रोड से कालाढूंगी रोड तक सीवरेज योजना के लिए 9.49 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।देहरादून शहर के पथरीयापीर, नीलकंठ विहार, इंदिरा कॉलोनी और चुक्खुवाला क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने के लिए 13.91 करोड़ तथा देहरादून जलोत्सरण योजना के अंतर्गत साकेत नगर कॉलोनी, कैनाल रोड के जोन-सी के शेष क्षेत्रों में सीवरेज कार्यों के लिए 9.06 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने जनपद ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर में नर्सिंग कॉलेज के अकादमिक ब्लॉक और स्थल विकास कार्यों के लिए 2.50 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किए जाने का भी अनुमोदन किया है।
इन योजनाओं के स्वीकृत होने से शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर होगी और स्वास्थ्य शिक्षा के क्षेत्र में भी आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी।

