उत्तराखंड:धामी सरकार का युवाओं को तोहफा, 1818 पदों पर भर्ती के लिए आयोग को भेजा गया प्रस्ताव
देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। धामी सरकार ने विभिन्न विभागों में 1818 रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। इन पदों पर भर्ती के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अध्याचन भेजा गया है। भर्ती में पुलिस, वन, आबकारी और कारागार विभाग के पद शामिल हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उनके मुताबिक प्रदेश में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।
1818 पदों में सबसे बड़ा हिस्सा पुलिस विभाग का है। यहां आरक्षी संवर्ग के 1187 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इसके अलावा उप निरीक्षक नागरिक पुलिस, अभिसूचना और प्लाटून कमांडर के पद भी शामिल हैं।
पदों का विभागवार विवरण इस प्रकार है:
आरक्षी संवर्ग: 1187 पद
उप निरीक्षक नागरिक पुलिस: 93 पद
उप निरीक्षक अभिसूचना: 19 पद
प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी/एसडीआरएफ: 81 पद
अग्निशमन द्वितीय अधिकारी: 5 पद
वन विभाग में वन आरक्षी के 189 पदों और स्पेशल टाइगर गार्ड के 75 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है। इन पदों के माध्यम से युवाओं को वन एवं वन्यजीव सुरक्षा से जुड़े कार्यों में सेवा का अवसर मिल सकता है।
भर्ती प्रस्ताव में आबकारी विभाग के 50 आबकारी सिपाही और 2 उप आबकारी निरीक्षक पद शामिल हैं। वहीं, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवा विभाग में बंदीरक्षक के 117 पदों पर भर्ती की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार भर्ती प्रक्रियाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि योग्य युवाओं को अपनी मेहनत और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए।
फिलहाल 1818 पदों के लिए आयोग को अध्याचन भेजा गया है। आवेदन की तारीख, पात्रता, आयु सीमा और परीक्षा कार्यक्रम की जानकारी संबंधित भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। इसलिए अभ्यर्थियों को उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखनी चाहिए।

