उत्तराखंड- दीजिए बधाई लोहाघाट की ख्याति को , सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में देश में दूसरा स्थान

ख़बर शेयर करें

लोहाघाट- अपनी छोटी सी उम्र में ही कई बच्चे अपना लक्ष्य चुन लेते हैं और उसे पाने के लिए परिश्रम करते हैं। चम्पावत जनपद के लोहाघाट निवासी ख्याति इजरवाल ने अपनी छोटी उम्र में पूरे देशभर से ख्याति बटोर ली है।जी हाँ कक्षा पांच की यह छात्रा ने वो उपलब्धि हासिल की है जिसके बारे में देशभर के स्कूली छात्र और उनके माता-पिता इस समय चर्चा कर रहे हैं। ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में ख्याति ने उत्तराखंड टॉप करने के साथ देशभर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। ख्याति लोहाघाट के DAV स्कूल में पांचवी कक्षा की छात्रा हैं। सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के परिणाम आने के बाद उत्तराखंड ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। हर छात्र की उपलब्धि मायने रखती है और जिन छात्रों का चयन नहीं हुआ है, उनकी मेहनत और हिम्मत उनके साथ-साथ उनके परिवार के लिए वह प्रेरणा है, जो भविष्य में उपलब्धि से ज़्यादा अनुभव बनकर उनका साथ निभाएगी। साथ ही ख्याति को आल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में 300 में से 291 अंक मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का क्षण है। गर्व का क्षण इसलिए क्योंकि केवल प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण करने के अलावा पहाड़ी क्षेत्र से आने वाली बालिका ख्याति ने पूरे देश को उत्तराखंड की नई पीढ़ी के सामर्थ्य का परिचय दिया है।अपने स्कूल की प्रतिभावान छात्रा को स्कूल प्रबंधन की तरफ से भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्राप्त हुई हैं। विद्यालय प्रबंधक बीसी मुरारी, प्रधानाचार्य यतेन्द्र सिंह ने सभी शिक्षकगणों के साथ ख्याति के सफल भविष्य की कामना की है। अपनी बेटी की इस उपलब्धि से ख्याति के परिवार में भी हर्षोल्लास का वातावरण है। सभी परिचिति एवं शुभचिंतकों को यह शुभसमाचार मिलने के बाद सभी अपनी बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कर आशीर्वाद भी दे रहे हैं। छोटी सी उम्र में देवभूमि उत्तराखंड का नाम राष्ट्रीय पटल पर प्रकाशित करने वाली ख्याति को हमारी तरफ से भी हार्दिक शुभकामनाएं।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad