उत्तराखंड : 6 साल की उम्र में इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कर पहाड़ के नन्हे शौर्य ने किया कमाल
पिथौरागढ़ के लिए गर्व का क्षण उस समय आया जब रई निवासी कक्षा 1 के छात्र मास्टर शौर्य शर्मा, पुत्र नवीन शर्मा, ने अपनी अद्भुत प्रतिभा के दम पर India Book of Records में अपना नाम दर्ज कराया।मात्र 6 वर्ष 5 माह की आयु में शौर्य ने अपनी असाधारण स्मरण शक्ति और प्रतिभा का परिचय देते हुए कई कठिन उपलब्धियाँ हासिल कीं। उन्होंने शिव तांडव स्तोत्र के 15 श्लोक, उत्तराखंड के 13 जनपदों के नाम, G20 देशों एवं उनकी राजधानियाँ, 195 मान्यता प्राप्त देशों की राजधानियाँ व मुद्राएँ, भारत के 28 राज्यों की राजधानियाँ तथा 31 संक्षिप्त शब्दों के पूर्ण रूप बेहद प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें IBR Achiever सम्मान से नवाजा गया।रई क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों ने शौर्य और उनके परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र, पिथौरागढ़ जनपद और उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का विषय बताया है। विद्यालय परिवार ने भी शौर्य शर्मा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।

