उत्तराखंड-बंगाल की खाड़ी में हुआ मानसून सक्रिय, इस दिन से देगा मानसून दस्तक

ख़बर शेयर करें

देहरादून- देश में मौसम की शुरुआत होने वाली है। जी हां, बताया जा रहा है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण–पूर्व हिस्से निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण अंडमान सागर में मानसून सक्रिय हो गया है। खबर है कि मानसून इस बार केरल में 4 जून को दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की अगले तीन-चार दिनों के भीतर खाड़ी के बाकी हिस्सों में भी पहुंचने की स्थिति बनी हुई है। आपको जानकारी दे दे कि मानसून बंगाल की खाड़ी में मई के मध्य में सक्रिय होता है और यह 1 जून को केरल से भारत में प्रवेश करता है।हालांकि, इस बार मानसून थोड़ी देरी से 4 जून को केरल पहुंचेगा। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के मुताबिक इस बार भी मानसून के दौरान सामान्य बारिश हो सकती है। जबकि जुलाई के बाद मानसून पर एलनीनो का प्रभाव पड़ने की भी आशंका है। वहीं दूसरी ओर विभाग का कहना है कि 23 से 25 मई के बीच उत्तर–पश्चिम भारत में एक पश्चिम विक्षोभ के चलते तापमान में थोड़ी गिरावट आएगी और कुछ स्थानों पर बारिश भी हो सकती है।इसके अलावा विभाग ने अगले कुछ दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर लू चलने की बात कही। आपको बता दें दक्षिणी उत्तर प्रदेश में 20–22 मई, उत्तरी मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान में 20–21 मई, वहीं झारखंड और छत्तीसगढ़ में 21–23 मई के बीच लू चलने की आशंका जताई है। विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों के दौरान तापमान में 2-4 डिग्री तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। विभाग ने कुछ स्थानों पर धूल भरी आंधी चलने की आशंका भी जताई है।