उत्तराखंड : उमेश कुमार का विधायकी से इस्तीफे का ऐलान

Ad
ख़बर शेयर करें

उमेश कुमार का विधायकी से इस्तीफे का ऐलान

नई राजनीतिक पार्टी बनाने के दिए संकेत
भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन बोले खानपुर विधायक

8 से 10 सीटों पर चुनाव लड़वाने की तैयारी

गैरसैंण।
भराड़ीसैंण में विधानसभा सत्र के पहले दिन जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान खानपुर विधायक उमेश कुमार ने विधायकी से इस्तीफा देने का ऐलान कर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से भ्रष्टाचार, किसानों और जनता के मुद्दों को सदन में उठाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उन्हें न तो विपक्ष का अपेक्षित समर्थन मिला और न ही उनके साथ दूसरे विधायक मजबूती से खड़े हो पाए। इससे वह बेहद दुखी और व्यथित हैं।
उमेश कुमार ने कहा कि उनका मन खिन्न हो चुका है। जिस जनपद से वह आते हैं, उसके मुद्दों की लड़ाई भी सदन में नहीं लड़ पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार साल से वह विपक्ष की ओर उम्मीद भरी नजरों से देखते रहे कि भ्रष्टाचार, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर उन्हें साथ मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अब उनके सामने अकेले संघर्ष करने की स्थिति है।
उमेश कुमार ने संकेत दिए कि वह उत्तराखंड में एक नई राजनीतिक ताकत खड़ी करने की दिशा में प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश होगी कि सदन में उनके साथियों की संख्या बढ़े, ताकि हरिद्वार के लोगों की आवाज मजबूती से उठाई जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ना और उत्तराखंड से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहते हैं। उनकी कोशिश होगी कि अपने मुद्दों की लड़ाई लड़ने के लिए उन्हें विपक्ष की ओर मदद की उम्मीद न करनी पड़े।
नई विपक्षी पार्टी बनाने के सवाल पर उमेश कुमार ने कहा कि वह इस दिशा में प्रयास करेंगे। यदि लोग उनके साथ जुड़ते हैं और उन्हें लगता है कि वह महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर ईमानदारी से बात करेंगे, तो वह नई राजनीतिक पहल को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया कि फिलहाल उनकी योजना 8 से 10 सीटों पर चुनाव लड़वाने की है। जिन क्षेत्रों से लोग उनसे संपर्क करेंगे, वहां जाकर वह अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने का प्रयास करेंगे।
उमेश कुमार ने कहा कि उत्तराखंड की जनता सभी राजनीतिक दलों को मौका दे चुकी है, लेकिन प्रदेश के हालात में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। ऐसे में वह अपनी ओर से बदलाव की कोशिश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाना और जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से सदन में रखना है।
विधानसभा सत्र के पहले दिन उमेश कुमार के इस ऐलान ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad