उत्तराखंड : यहां मशाल लेकर सड़कों पर उतरी महिलाएं, धामी बोले…अब चुप नहीं रहेगी नारी
देहरादून में आज गांधी पार्क से घण्टाघर तक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में निकली महिला आक्रोश मशाल यात्रा ने प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत संदेश दिया। हजारों की संख्या में महिलाओं की भागीदारी ने यह साफ कर दिया कि अब नारी शक्ति अपने अधिकारों को लेकर पूरी तरह जागरूक और मुखर हो चुकी है।यह मशाल यात्रा महिला आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित की गई…जिसमें माताएं, बहनें और बेटियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं। पूरे मार्ग में महिलाओं का उत्साह और जोश देखने लायक रहा।मुख्यमंत्री धामी ने इस मौके पर कहा कि यह यात्रा केवल प्रतीकात्मक नहीं…बल्कि उन ताकतों के खिलाफ जनआक्रोश है जो महिलाओं के अधिकारों में बाधा डालती हैं। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने हमेशा महिला मुद्दों को केवल राजनीति तक सीमित रखा।उन्होंने यह भी कहा कि आज की नारी जागरूक है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना जानती है। केंद्र सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों को उन्होंने ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि अब बदलाव जमीन पर नजर आ रहा है।कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, विधायक सविता कपूर और आशा नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

