उत्तराखंड: कलयुगी बेटे ने पिता के सिर पर डंडे से किया हमला, इलाज के दौरान मौत
हरिद्वार: श्यामपुर थाना क्षेत्र की चंडीघाट बस्ती में पारिवारिक विवाद के दौरान एक बेटे ने अपने पिता के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता को इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 60 वर्षीय प्यारेलाल राजमिस्त्री का काम करते थे। शुक्रवार रात किसी बात को लेकर उनका अपने बेटे प्रकाश से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि प्यारेलाल ने बेटे से काम करने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई और विवाद बढ़ गया।आरोप है कि विवाद के दौरान प्रकाश ने डंडे से पिता के सिर पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद प्यारेलाल की हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया…लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की जानकारी मिलने के बाद श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने फील्ड यूनिट की टीम को भी बुलाया और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी बेटे प्रकाश के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से बीमार चल रहा है। हालांकि, पुलिस विवाद की असली वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
श्यामपुर थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान बेटे ने डंडे से पिता के सिर पर हमला किया। घायल प्यारेलाल को एम्स ऋषिकेश ले जाया गया…जहां उनकी मौत हो गई। मामले में पंचनामा, पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


