उत्तराखंड : कुमाऊं में यहां नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 65 लाख की स्मैक बरामद
नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 65.40 लाख की स्मैक बरामद
लालकुआं में 218.04 ग्राम स्मैक के साथ ट्रक ड्राइवर समेत दो गिरफ्तार, कार भी सीज
लालकुआं। मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 65.40 लाख रुपये कीमत की 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।एस पी क्राइम जगदीश चंद्र के अनुसार 6 अक्टूबर 2026 को कोतवाली लालकुआं पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान UP24-H-4787 नंबर की ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कोतवाली लालकुआं में धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया।
गिरफ्तार आरोपियों में नदीम खान उर्फ गंजा (36 वर्ष), पुत्र शकील खान और मोहम्मद शफीक उर्फ शफी (51 वर्ष), पुत्र मोहम्मद बल्ली शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि दोनों आरोपियों से स्मैक की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत भी जांच की जा रही है। आरोपियों के माध्यम से स्मैक की सप्लाई और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की भी जानकारी कर रही है।
कार्रवाई में कोतवाली लालकुआं पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। एसएसपी नैनीताल ने पुलिस टीम को इस सराहनीय कार्रवाई के लिए 2,000 रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।


