उत्तराखंड में यहाँ युवती की हत्या से हड़कंप, पड़ोस के घर में वारदात के बाद आरोपी परिवार समेत फरार
काशीपुर। महुआखेड़ा गंज के वार्ड नंबर तीन मढैया देवी में 22 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान मेहबिश पुत्री स्वर्गीय फरियाद हुसैन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी।
जानकारी के अनुसार मेहबिश की हत्या पड़ोस के एक घर में किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि हत्या के बाद शव को उसके घर पर रखकर आरोपी वहां से चला गया। उस समय घर में केवल महिलाएं मौजूद थीं। घटना के बाद आरोपी का परिवार भी मौके से फरार बताया जा रहा है।सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम की जांच भी कराई जा रही है।
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक जांच और शुरुआती जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस फरार आरोपी और उसके परिवार की तलाश में दबिश दे रही है।


