उत्तराखंड में यहां आंधी तूफान से भरभराकर गिरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की दीवार, दो वाहन क्षतिग्रस्त

Ad
ख़बर शेयर करें

हरिद्वार के ज्वालापुर में देर रात आए आंधी तूफान के चलते सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की करीब 20 फुट लंबी दीवार भरभराकर गिर गई. दीवार के मलबे की चपेट में आने से वहां खड़ी दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. गनीमत रही कि हादसा रात के समय हुआ. दिन में यह घटना होती तो बड़ा नुकसान हो सकता था. क्योंकि ज्वालापुर घनी आबादी वाला क्षेत्र है.
देर रात करीब 11 बजे अचानक से तेज आंधी तूफान आया. ज्वालापुर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पानी की टंकी के समीप बनी दीवार तेज आंधी तूफान के कारण अचानक गिर गई. दीवार गिरने की आवाज से आसपास के क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई. वहां दो गाड़ियां खड़ी हुई थी और मलबे की चपेट में आने से वहां खड़ी दो कारें दब गई. दोनों कारें दीवार गिरने से क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों को नुकसान पहुंचा. गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था.आंधी तूफान से भरभराकर गिरी दीवार
हादसे के बाद इस बात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि यदि दीवार कुछ दिन पहले रामलीला आयोजन के दौरान गिर जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले तक इसी स्थान पर रामलीला का आयोजन किया जा रहा था. दीवार के ठीक बगल में दर्शक दीर्घा बनाई गई थी और रामलीला देखने आने वाले लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां लगाई जाती थीं. ऐसे में आयोजन के दौरान दीवार गिरने से कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी.राहत एवं बचाव टीम को मौके पर भेजा गया है. मलबा हटाने और राहत कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं. जल्द ही दीवार का पुनर्निर्माण कराया जाएगा.
-मीरा रावत कैंतुरा,जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी-

स्थानीय निवासी अतुल गुप्ता ने बताया कि दीवार गिरने से पानी की टंकी को भी खतरा पैदा हो गया है. उन्होंने संबंधित विभाग से तत्काल दीवार की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की जर्जर दीवार को लेकर समय रहते ध्यान दिया जाना चाहिए था.

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad