दिल्ली से सीएम धामी ने चारधाम यात्रा पर लिया बड़ा अपडेट, अधिकारियों को दिए ये सख्त निर्देश
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चारधाम यात्रा-2026 की तैयारियों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यात्रा से जुड़े जिलों के जिलाधिकारियों से यात्रा मार्ग, यातायात, स्वास्थ्य, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
सीएम धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रा मार्गों पर मौसम और भूस्खलन की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। किसी भी आपात स्थिति में राहत और बचाव दल को तुरंत सक्रिय करने की व्यवस्था रखने को कहा गया।यात्रा मार्गों पर यातायात दबाव कम करने के लिए होल्डिंग एरिया में जरूरी सुविधाओं को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यातायात प्रबंधन ऐसा हो कि श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
यमुनोत्री में दूसरे घोड़ा पड़ाव के निर्देश
यमुनोत्री धाम में भीड़ और यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए मुख्यमंत्री ने धाम से करीब 500 मीटर पहले दूसरा घोड़ा पड़ाव विकसित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही डंडी-कंडी सेवाओं को व्यवस्थित करने और खरसाली से वैकल्पिक मार्ग को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर यात्रियों और घोड़े-खच्चरों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने तथा सूर्यकुंड क्षेत्र में प्रभावी भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
घोड़े-खच्चरों के संचालन पर सख्ती
मुख्यमंत्री ने यात्रा में इस्तेमाल होने वाले घोड़े-खच्चरों के संचालन के दौरान निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा और भैरव ग्लेशियर क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। संवेदनशील स्थानों पर यात्रियों, घोड़े-खच्चरों और डंडी-कंडी की आवाजाही को नियंत्रित तरीके से संचालित करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल रेस्क्यू की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए।
सड़कों की स्थिति सुधारने पर जोर
मुख्यमंत्री ने यमुनोत्री पैदल मार्ग के चौड़ीकरण के लिए जरूरी कार्रवाई करने को कहा। गंगोत्री मार्ग पर चौड़ीकरण और गड्ढामुक्त करने के काम में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और स्यानाचट्टी क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। ज्योतिर्मठ-मारवाड़ी मार्ग पर यातायात व्यवस्था बेहतर रखने और मार्ग बंद होने की स्थिति में उसे जल्द खोलने के लिए पर्याप्त मशीनरी उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए गए।
केदारनाथ-बदरीनाथ मार्ग पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता
मौसम को देखते हुए चारों धामों में श्रद्धालुओं के लिए अलाव समेत जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से केदारनाथ और बदरीनाथ यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देने को कहा।
उन्होंने चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए….ताकि जरूरत पड़ने पर यात्रियों को तत्काल उपचार मिल सके।
मोबाइल नेटवर्क और मूलभूत सुविधाओं पर भी नजर
मोबाइल नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में आपातकालीन संचार व्यवस्था मजबूत करने के लिए संबंधित विभागों और दूरसंचार कंपनियों के साथ समन्वय करने को कहा गया। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त शौचालय, पेयजल, बिजली, प्रकाश और शटल सेवाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने शौचालयों की नियमित सफाई और औचक निरीक्षण कराने को भी कहा….ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशानी न हो।
हेली सेवाओं में तय किराए से ज्यादा वसूली पर कार्रवाई
सीएम धामी ने हेली सेवाओं के टिकट निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने या अनधिकृत टिकट बिक्री की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए हेली सेवाओं का संचालन करने और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, गृह सचिव शैलेश बगौली समेत शासन, प्रशासन और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


