हाथी पर्वत में हेलीकॉप्टर हादसे के बाद रेस्क्यू तेज, सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर बचाव के निर्देश
देहरादून: बदरीनाथ धाम से देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड आ रहे ट्रांस भारत कंपनी के एक सिविल हेलीकॉप्टर के चमोली जिले के हाथी पर्वत क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका है। हेलीकॉप्टर में पांच यात्री और एक पायलट समेत छह लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव एजेंसियों ने खोज एवं राहत अभियान शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान में उपलब्ध सभी संसाधनों का इस्तेमाल किया जाए। मुख्यमंत्री खुद भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने भी अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी तालमेल के साथ तेजी से काम करने के निर्देश दिए। सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल की ओर रवाना की गई हैं।
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे चमोली के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी से हेलीकॉप्टर के संबंध में सूचना मिली थी। सेना की सिग्नल सेंटर टीम ने संबंधित क्षेत्र में हेलीकॉप्टर से धुआं उठते और उसे तेजी से नीचे की ओर जाते हुए देखा था। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल बचाव अभियान शुरू कर दिया।
घटनास्थल का पता लगाने और वहां तक पहुंचने के लिए जमीन के साथ हवाई स्तर पर भी प्रयास किए जा रहे हैं। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के दो हेलीकॉप्टरों की मदद से क्षेत्र की हवाई रेकी की जा रही है। इनमें एक रेकी और दूसरा रिट्रीवर हेलीकॉप्टर शामिल है। सहस्त्रधारा से एसडीआरएफ की एक अतिरिक्त टीम भी रवाना की गई है।
संभावित घायलों को तत्काल इलाज उपलब्ध कराने के लिए एम्स ऋषिकेश, बेस अस्पताल श्रीनगर और संबंधित स्वास्थ्य केंद्रों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चिकित्सा दलों और जरूरी सुविधाओं को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, गृह सचिव शैलेश बगोली और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ भी घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं। देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र से चमोली जिला प्रशासन और सभी बचाव एजेंसियों के साथ संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार छह लोगों की तलाश के लिए अभियान जारी है। यात्रियों की स्थिति को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

