बागेश्वर:प्रेस क्लब में भावपूर्ण ढंग से मनाई गई स्वर्गीय करायत की 13 वीं पुण्यतिथि,कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी सम्मानित
प्रेस क्लब में भावपूर्ण ढंग से मनाई गई स्वर्गीय करायत की 13 वीं पुण्यतिथि
कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी जी को “ स्वर्गीय हरीश सिंह करायत स्मृति सम्मान 2026 से किया गया सम्मानित

प्रेस क्लब बागेश्वर के संस्थापक सदस्य और काफल साप्ताहिक के सम्पादक स्वर्गीय हरीश सिंह करायत जी की तेरहवीं पुण्यतिथि कार्यक्रम प्रेस क्लब सभागार में भावपूर्ण ढंग से मनाई गई. प्रेस क्लब वरिष्ठ सदस्य रमेश चंद्र पाण्डे बृजवासी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष चन्दन सिंह परिहार और अन्य मंचासीन जनों ने स्वर्गीय करायत के चित्र के आगे दीप प्रज्ज्वलित कर व पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रधांजलि अर्पित की. संचालन करते हुवे क्लब के सचिव जगदीश उपाध्याय द्वारा स्वर्गीय करायत जी की जीवनी और योगदान पर सविस्तार प्रकाश डाला गया और अध्यक्ष चन्दन सिंह परिहार ने स्वर्गीय करायत जी और कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी जी की जीवनी संस्मरण और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

इस अवसर पर स्वर्गीय हरीश सिंह करायत स्मृति सम्मान 2026 से कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी जी को सम्मानित किया गया. क्लब के अध्यक्ष परिहार द्वारा श्री उन्यूड़ी जी को शाल ओढाकर, सम्मान पत्र सौंपकर और गागर भेंट कर उनको सम्मानित किया गया. कैप्टन श्री नारायण सिंह उन्यूड़ी जी ने सेना से रिटायर्ड होने के बाद साल 2017 से यूथ इंडिया एकेडमी की शुरुआत की और स्थानीय युवाओं को निशुल्क रूप से भारतीय सेना, उत्तराखण्ड पुलिस और अन्य सेवाओं के लिए शारीरिक मानसिक अनुशानात्मक प्रशिक्षण देना शुरू किया. अब तक उनके द्वारा प्रशिक्षित 200 से अधिक युवा सेना में भर्ती हो चुके हैं. वर्तमान में भी सैकड़ों युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. उनके इस समर्पित योगदान को देखते हुवे प्रेस क्लब द्वारा श्री उन्यूड़ी जी को सम्मानित किया गया. वृक्षमित्र किशन सिंह मलड़ा जी द्वारा कैप्टन उन्यूड़ी जी को विभिन्न प्रजाति के पौधे भेंट किए गए.

कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी जी द्वारा अपने बचपन से लेकर अब तक के जीवन के हर पहलू पर सविस्तार प्रकाश डाला और यूथ इंडिया एकेडमी की स्थापना से लेकर अब तक की सफलता और भावी योजनाओं के विषय में सविस्तार जानकारी डी. उन्होंने युवाओं से नशे से हमेशा दूर रहने, अनुशासित जीवन जीने और एक अच्छा इंसान बनने का आह्वान किया.
कार्यक्रम को क्लब के उपाध्यक्ष हरीश सिंह नगरकोटी, घनश्याम जोशी , देवेन्द्र पाण्डेय, नरेंद्र सिंह खेतवाल, नन्दाबल्लभ भट्ट, गणेश दत्त काण्डपाल, विक्रम सिंह शाही, रमेश पाण्डेय बृजवासी, अधिवक्ता कुण्डल सिंह धपोला, महीप पाण्डेय, अधिवक्ता दिग्विजय सिंह जनोटी, भास्कर दास, रणजीत दास, रवि करायत, बलवंत नेगी, नवीन रावल, सुरेश सिंह सोनियाल, रवि करायत, डॉक्टर राजेन्द्र सिंह परिहार, संजय साह जगाती, गिरीश सिंह खेतवाल, राजकुमार सिंह परिहार, मनोज सिंह टंगडिया आदि ने भी संबोधित किया और स्वर्गीय करायत जी को श्रधांजलि अर्पित करते हुवे कैप्टन नारायण सिंह उन्यूड़ी जी के योगदान और समर्पण पर अपने विचार व्यक्त किए.
इस अवसर पर प्रेस क्लब द्वारा श्री नन्दाबल्लभ भट्ट, नरेंद्र खेतवाल, रमेश पाण्डेय बृजवासी, गणेश दत्त काण्डपाल , विक्रम सिंह शाही जी को शाल ओढाकर उन्हें सम्मान दिया गया और कार्यक्रम के वक्ताओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया.
इस अवसर पर रमेश प्रकाश पर्वतीय, शिवराज सिंह करायत, चन्दन सिंह नगरकोटी, भूपाल सिंह परिहार. चंचल गोस्वामी,मनोज कुमार आदि के अलावा यूथ इंडिया एकेडमी में प्रशिक्षण ले रहे के दर्जनों युवा भी उपस्थित थे.

