बागेश्वर :बीते साल 14 माह के मासूम की मौत मामले में दो डॉक्टर समेत सात स्वास्थ्यकर्मियों पर मुकदमा

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर। जिला अस्पताल बागेश्वर में 14 माह के मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इलाज में कथित लापरवाही और एंबुलेंस उपलब्ध कराने में देरी के आरोप में दो डॉक्टरों समेत सात स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ कोतवाली बागेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामला चमोली जिले के थराली थाने से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता दिनेश चंद्र जोशी के अनुसार, बीते वर्ष 10 जुलाई को उनके 14 माह के बेटे शिवांश की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। परिजन बच्चे को ग्वालदम और बैजनाथ होते हुए उपचार के लिए जिला अस्पताल बागेश्वर लेकर पहुंचे। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने के बाद उपचार में कथित लापरवाही बरती गई और समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण बच्चे की मौत हो गई। परिजनों ने एंबुलेंस मिलने में भी देरी का आरोप लगाया है।मामले में जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. भूपेंद्र घटियाल और डॉ. अमित कुमार, नर्सिंग अधिकारी महेश कुमार और हिमानी, वार्ड बॉय सूरज सिंह कनवाल तथा एंबुलेंस कर्मी ईश्वर सिंह टोलिया और लक्ष्मण कुमार को नामजद किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 106(1) और 125 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। एसपी जितेंद्र मेहरा ने बताया कि थराली थाने से प्राप्त जीरो एफआईआर के आधार पर बागेश्वर कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार मामले से जुड़े सभी तथ्यों, उपचार की परिस्थितियों और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad