पेंशनर्स को साइबर ठगी से बचाने हेतु बागेश्वर पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान

Ad
ख़बर शेयर करें

पेंशनर्स को साइबर ठगी से बचाने हेतु बागेश्वर पुलिस ने चलाया विशेष जागरूकता अभियान
तहसील बागेश्वर सभागार एवं बैजनाथ क्षेत्र में आयोजित शिविरों में दी गई डिजिटल सुरक्षा की जानकारी, हेल्पलाइन नंबर 1930 का किया व्यापक प्रचार-प्रसार।

वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी से आमजनमानस एवं विशेष रूप से वरिष्ठ पेंशनर्स को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक बागेश्वर श्री जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 16.11.2026 को कोषागार विभाग के समन्वय से तहसील बागेश्वर स्थित सभागार, बैजनाथ तहसील परिसर एवं गरुड़ क्षेत्र में पेंशनर्स के हितार्थ साइबर जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री संजय बृजवाल (गरुड़) एवं प्रभारी साइबर सेल उ०नि० श्रीमती मंजू पंवार द्वारा बागेश्वर में उपस्थित पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के बदलते तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
पेंशनर्स को बताया गया कि साइबर ठग अक्सर बैंक अधिकारी, पेंशन विभाग या पुलिस बनकर फोन करते हैं। किसी भी अनजान नंबर से आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी प्रलोभन में आएं।
अपने बैंक खाते का विवरण, एटीएम पिन, पासवर्ड या मोबाइल पर आने वाला ओ०टी०पी० (OTP) किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बिल्कुल साझा न करें। डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र बनवाते समय केवल अधिकृत केंद्रों या सरकारी माध्यमों का ही उपयोग करें और किसी अज्ञात व्यक्ति को अपने दस्तावेज या मोबाइल का एक्सेस न दें।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। उपस्थित लोगों को समझाया गया कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर बिना समय गंवाए तुरंत 1930 पर कॉल करें या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी गई धनराशि को समय रहते फ्रीज कराया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पेंशनर्स की शंकाओं का समाधान भी किया गया। सभी वरिष्ठ नागरिकों एवं कोषागार अधिकारियों द्वारा बागेश्वर पुलिस की इस पहल की भूरि-भूरि सराहना की गई।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad
Ad