बागेश्वर:बीमार पूर्व सैनिक की इलाज के दौरान मौत,108 का देरी से पहुंचने पर लापरवाही का लगाया आरोप

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर: जिले के दुरस्त गांव कुंवारी के एक बीमार भूतपूर्व सैनिक की मौत हो गई। जिस पर स्वजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। उन्होंने 108 एंबुलेंस पर लापरवाही का आरोप लगाया। जिला अस्पताल पहुंचने पर रोगी को गंभीर बताते हुए रेफर कर दिया। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कुंवारी गांव निवासी 75 वर्षीय पूर्व सैनिक हयात राम पुत्र अमर राम बीमार थे। रोगी को चमोली जिले के देवाल से बागेश्वर लाया गया। स्वजनों ने कहा कि 108 को काल किया। लेकिन वह नहीं पहुंची। जिला अस्पताल तक प्राइवेट वाहन से लाए। जहां प्राथमिक उपचार हुआ। मरीज को गंभीर बताते हुए हायर सेंटर रेफर किया गया। यहां से फिर एंबुलेंस को फोन किया। लेकिन वह 2.20 घंटे देर से पहुंची और रोगी ने दम तोड़ दिया।
मृतक के पुत्र आनंद और मोहन राम ने कहा कि 11.20 बजे एंबुलेंस को काल की। 1.40 बजे एंबुलेंस पहुंची। तब तक काफी देर हो गई थी। एंबुलेंस की देरी के कारण उन्होंने पिता को खोया है। ग्रामीण खीम सिंह दानू ने कहा कि एंबुलेंस समय पर मिलती तो जान बच सकती थी।
डॉ महिमा ने बताया की रोगी के आंतों में इंफेक्शन था। सांस की समस्या थी। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अल्मोड़ा रेफर किया गया। एंबुलेंस का इंतजार स्वजन कर रहे थे। इस बीच रोगी ने दम तोड़ दिया।

वही 108 के जिला प्रभारी कमल शर्मा ने बताया की 11.46 पर काल आई। 1.25 पर जिला अस्पताल एंबुलेंस पहुंच गई थी। तब तक रोगी की मौत हो गई थी। एंबुलेंस बनलेख तीस किमी दूर से भेजी गई थी। जिला अस्पताल की दो एंबुलेंस रेफर मरीजों को लेकर अल्मोड़ा गई थी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ विनोद कुमार टम्टा ने बताया की मरीज की कंडीशन ठीक नहीं थी। एंबुलेंस की कोई गलती नहीं है। स्वजनों के अनुसार रोगी को रेफर किया गया था।