वोट को लेकर कांग्रेस का बड़ा अभियान, हल्द्वानी में कल सड़क पर उतरेंगे कार्यकर्ता
हल्द्वानी। मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस ने अपना वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान तेज करने का ऐलान किया है। बुधवार को होटल सौरभ में महानगर कांग्रेस ने प्रेसवार्ता कर अभियान की जानकारी दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में गड़बड़ी, पात्र मतदाताओं के नाम हटने या चुनावी प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं तो इनका स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।
सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने निर्वाचन आयोग से चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों पर स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देने की मांग की।
कांग्रेस विधायक ने राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लंबे समय से मतदाता अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवालों को जनता के बीच उठा रही है। महाराष्ट्र, हरियाणा और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों के चुनावी अनुभवों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर पार्टी अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।
हल्द्वानी नगर निगम चुनाव का जिक्र करते हुए सुमित हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान मतपेटियों और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा को लेकर निगरानी रखी थी। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा पूरे लोकतांत्रिक तंत्र की जिम्मेदारी है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान को केवल पार्टी तक सीमित नहीं रखा जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता वार्ड और बूथ स्तर तक जाकर लोगों को मतदाता सूची जांचने के लिए जागरूक करेंगे। उन्होंने पात्र मतदाताओं से अपने और परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जांचने की अपील की।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी ललित जोशी ने कहा कि अभियान को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। लोगों को मतदाता सूची में नाम की जांच करने और किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के लिए जागरूक किया जाएगा।
कल निकलेगा जनजागरण मार्च
कांग्रेस की ओर से बताया गया कि वोट बचाओ–देश बचाओ अभियान के तहत 8 अक्टूबर को हल्द्वानी में जनजागरण मार्च निकाला जाएगा। दोपहर 12 बजे बुद्ध पार्क, तिकोनिया से मार्च शुरू होगा। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों से भी शामिल होने की अपील की गई है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता के अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर उनका लोकतांत्रिक अभियान आगे भी जारी रहेगा।प्रेसवार्ता में सुमित हृदयेश, गोविंद सिंह बिष्ट, ललित जोशी समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


