कुमाऊं में यहां बीजेपी की बड़ी बैठक, CM धामी ने चुनाव से पहले संगठन को दिया बड़ा मंत्र

ख़बर शेयर करें

लालकुआं। भारतीय जनता पार्टी के कुमाऊं संभाग के जिला और मंडल अध्यक्षों की संगठनात्मक बैठक रविवार को लालकुआं विधानसभा के गौलापार-चोरगलिया स्थित नंधौरगढ़ रिसॉर्ट में आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कुमाऊं क्षेत्र के जिला व मंडल अध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुई।

संगठन को मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कैडर आधारित पार्टी है और संगठन को मजबूत रखने के लिए इस तरह की बैठकें जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर जनता के हित में काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं से मिलने वाले सुझावों और समस्याओं को भी समझना जरूरी है।

आगामी चुनाव को लेकर चर्चा
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, पार्टी के कार्यक्रमों और संगठन की आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने जिला और मंडल अध्यक्षों से कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संवाद बनाए रखने को कहा।

उन्होंने कहा कि संगठन की स्थिति, स्थानीय समस्याओं और आगामी कार्ययोजना पर पदाधिकारियों को मिलकर काम करना चाहिए। कार्यकर्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

कांग्रेस पर CM धामी का हमला
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से भाजपा पर लगाए गए दलित विरोधी आरोपों को खारिज किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर राष्ट्रगीत, सनातन, महिलाओं और अन्य मुद्दों को लेकर भी सवाल उठाए।

सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने की अपील
मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए पार्टी पदाधिकारियों से इन्हें ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन और कार्यकर्ताओं की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

प्रदेश अध्यक्ष ने भी रखी संगठन की बात
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी संगठन को लगातार मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने मंडल और जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने तथा संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार के काम और योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने के लिए संगठन को लगातार सक्रिय रहना होगा।

8 जिलों और 130 मंडलों के पदाधिकारी हुए शामिल
बैठक में कुमाऊं संभाग के आठ जिलों से जिला अध्यक्ष और करीब 130 मंडल अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक में नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, काशीपुर, चंपावत, पिथौरागढ़, रानीखेत, अल्मोड़ा और बागेश्वर से पहुंचे पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों पर चर्चा की।

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और पार्टी की गतिविधियों को लेकर भी मंथन किया गया।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार मौजूद रहे…जबकि बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने किया।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad