पाँचवें सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का राज्य स्तरीय आयोजन 9-10 अक्टूबर को बागेश्वर में, मुख्यमंत्री करेंगे उद्घाटन

ख़बर शेयर करें

बागेश्वर, 04 अक्टूबर 2026। उत्तराखण्ड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) द्वारा पाँचवें सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव का दो दिवसीय राज्य स्तरीय आयोजन दिनांक 9 एवं 10 अक्टूबर 2026 को विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा, बागेश्वर में आयोजित किया जा रहा है।

जनपद बागेश्वर के संयोजक दीप चन्द्र जोशी, प्रधानाचार्य पी.एम. श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक राजकीय इंटर कॉलेज, बागेश्वर ने बताया कि यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत की एक अभिनव सोच और विशेष पहल का परिणाम है – सीमांत पर्वतीय जनपद बाल विज्ञान महोत्सव। प्रोफेसर पंत की सोच है कि विज्ञान को प्रयोगशाला से निकालकर सीमांत और दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों तक पहुँचाया जाए।

इस महोत्सव में 6 सीमांत जनपदों – रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ एवं चम्पावत के 240 बाल वैज्ञानिक अपने मार्गदर्शक शिक्षकों के साथ प्रतिभाग करेंगे।

इस महोत्सव का शुभारम्भ दिनांक 9 अक्टूबर को प्रातः 10:30 बजे माननीय मुख्यमंत्री, उत्तराखण्ड श्री पुष्कर सिंह धामी जी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर माननीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री श्री प्रदीप बत्रा जी, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रोफेसर दुर्गेश पंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहेंगे।

महोत्सव का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक सोच एवं अभिरुचि उत्पन्न करना है। महोत्सव में पाँच गतिविधियाँ – विज्ञान मॉडल, विज्ञान नाटिका, विज्ञान क्विज, विज्ञान कविता (हिन्दी/स्थानीय भाषा) एवं विज्ञान कविता (अंग्रेजी) का आयोजन जूनियर एवं सीनियर दो वर्गों में किया जाएगा।

जनपद संयोजक दीप चन्द्र जोशी ने बताया कि सभी टीमें 8 अक्टूबर को बागेश्वर पहुँच जाएंगी तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर लिया गया है। आयोजन स्थल विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्री अव्वल सिंह टोपाल व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।

भवदीय,
दीप चन्द्र जोशी
जनपद संयोजक, बागेश्वर एवं प्रधानाचार्य, पी.एम. श्री विक्टर मोहन जोशी स्मारक रा.इ.का., बागेश्वर


ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad