CM धामी ने किया जल सृष्टि पार्क का लोकार्पण, देहरादून में अब तालाब के बीच मिलेगा ‘नैनीताल जैसा फील’

ख़बर शेयर करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में करीब 8.64 करोड़ रुपये की लागत से तैयार जल सृष्टि पार्क का लोकार्पण किया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने इस पार्क को मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत विकसित किया है।

खास बात यह है कि पार्क बनाने के लिए पुराने तालाब को खत्म नहीं किया गया…बल्कि उसका पुनर्जीवन किया गया है। तालाब के बीच आइलैंड बनाया गया है और यहां पेडल बोटिंग की सुविधा भी शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्क के बनने से रायपुर क्षेत्र के लोगों को देहरादून में ही प्राकृतिक माहौल के साथ नैनीताल जैसी फीलिंग मिलेगी।
पार्क में जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क, एजुकेशनल फ्लावर गार्डन, हरित क्षेत्र, लैंडस्केपिंग और बैठने की व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इसका उद्देश्य बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है।
पुराने तालाब को मिला नया जीवन

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुराने जल स्रोतों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने तक सीमित नहीं है। यह हमारी विरासत और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित रखने से भी जुड़ा है। उन्होंने कहा कि जल और जंगल भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं…और इनके संरक्षण के लिए समाज की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विकास का मतलब सिर्फ कंक्रीट की इमारतें बनाना नहीं है। विकास ऐसा होना चाहिए जिससे लोगों का जीवन आसान हो, शहर सुंदर बने और पर्यावरण सुरक्षित रहे। जल सृष्टि पार्क इसी सोच का उदाहरण है।
रायपुर क्षेत्र में कई विकास कार्य जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कई कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। क्षेत्र में सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ सीवर व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है।पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए ट्यूबवेल और ओवरहेड टैंक बनाए गए हैं। पुरानी पाइपलाइनों को बदलने और नई पेयजल लाइन बिछाने का काम भी जारी है।इसके अलावा डिफेंस कॉलोनी, सिंयावाला और नेहरू कॉलोनी समेत विभिन्न क्षेत्रों में पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण के कार्य किए गए हैं। आईटी पार्क से पॉलीटेक्निक होते हुए मंगलूवाला की ओर सड़क व्यवस्था को बेहतर बनाने का काम भी चल रहा है।

सौंग डैम परियोजना का भी जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून का तेजी से विस्तार हो रहा है और आबादी बढ़ने के साथ पेयजल की जरूरत भी बढ़ रही है। ऐसे में सौंग डैम परियोजना पर भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे भविष्य में देहरादून की पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।बारिश के दौरान बाढ़ और जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नदियों और बरसाती नालों पर बाढ़ सुरक्षा और चैनलाइजेशन के कार्य भी किए जा रहे हैं।
पार्क की साफ-सफाई की जिम्मेदारी सभी की

मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय लोगों से पार्क को साफ और सुंदर बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार पार्क का निर्माण कर सकती है और सुविधाएं उपलब्ध करा सकती है…लेकिन उसकी देखभाल करना समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने बच्चों और युवाओं से पार्क का अधिक से अधिक उपयोग करने को कहा। उन्होंने लोगों से यहां खेल, दौड़ और योग जैसी गतिविधियों के साथ प्रकृति के बीच समय बिताने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून की पहचान उसकी हरियाली और प्राकृतिक सुंदरता से भी जुड़ी है। इसलिए शहर में आधुनिक सुविधाओं के विकास के साथ पर्यावरण और हरित क्षेत्रों को बचाए रखना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, मेयर सौरभ थपलियाल, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी समेत वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
Ad Ad Ad Ad Ad
Ad