हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक में 18 प्रस्ताव पास, शहर में खरीदी जाएंगी 10 हजार स्ट्रीट लाइट

Ad
ख़बर शेयर करें

हल्द्वानी। नगर निगम सभागार में आयोजित बोर्ड बैठक में मेयर और पार्षदों ने विभिन्न विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं से जुड़े 18 प्रस्तावों पर मुहर लगाई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्कों के रखरखाव, नगर निगम की दुकानों, नजूल दस्तावेजों के संरक्षण और नए शामिल ग्रामीण क्षेत्रों में टैक्स छूट सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भागीरथी बिष्ट ने नाराजगी जताते हुए धरना शुरू कर दिया। उन्होंने शहर में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई। वहीं, बोर्ड बैठक में कई विभागीय अधिकारियों के उपस्थित नहीं होने पर पार्षदों ने कड़ी नाराजगी जताई। पार्षदों ने मेयर से ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस पर नगर आयुक्त ने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही।

नए ग्रामीण क्षेत्रों को कमर्शियल टैक्स में राहत

नगर निगम में शामिल नए ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को राहत देते हुए कमर्शियल टैक्स में दी जा रही छूट की अवधि 31 दिसंबर तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इससे इन क्षेत्रों के व्यापारियों और अन्य संबंधित लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पार्कों और दुकानों का होगा सर्वे

बैठक में नगर निगम के उन पार्कों की जांच कराने का निर्णय लिया गया, जिन्हें एनजीओ और विभिन्न संस्थाओं को सौंपा गया है। इसके लिए एक टीम गठित कर पार्कों की स्थिति और उनके रखरखाव की जांच की जाएगी। इसके अलावा नगर निगम की दुकानों का सर्वे कराया जाएगा तथा नजूल से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेजों का संरक्षण किया जाएगा।
काठगोदाम में बनेगा छात्रावास, डीके पार्क का होगा सौंदर्यीकरण

नगर निगम इंटर कॉलेज काठगोदाम में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास बनाने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा गया, जिसे मंजूरी दी गई। वहीं, डीके पार्क के सौंदर्यीकरण की जिम्मेदारी जिला विकास प्राधिकरण को दी जाएगी।

10 हजार स्ट्रीट लाइट खरीदने का निर्णय

शहर की प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम 10 हजार स्ट्रीट लाइट खरीदेगा। इसके साथ ही शनि बाजार मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के चलते ध्वस्त हुई दुकानों का पुनर्निर्माण कराने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं उठाते हुए विकास कार्यों में तेजी लाने की मांग की। बोर्ड बैठक में पारित प्रस्तावों के माध्यम से शहर की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और लंबित समस्याओं के समाधान पर जोर दिया गया।

ADVERTISEMENTS
Ad
Ad
Ad
Ad