CM धामी के दौरे पर कांग्रेस का हल्लाबोल, गिरफ्तारी के बाद सरकार पर साधा निशाना
कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कालाढूंगी दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश की। मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें रखने जा रहे सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस ने सरकार पर जनता की आवाज दबाने का आरोप लगाया है।
उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता क्षेत्र की कई गंभीर समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करना चाहते थे। इनमें चकलुवा स्थित एथेनॉल फैक्ट्री को बंद करने, प्राधिकरण से क्षेत्र के लोगों को राहत देने और बेरोजगारी की समस्या दूर कर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख थी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, उनकी सुरक्षा, प्रदूषण और पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों पर भी सरकार का ध्यान खींचना जरूरी है। इसके साथ ही प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और स्थानीय लोगों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग भी उठाई जानी थी।
नीरज तिवारी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात मुख्यमंत्री तक पहुंचाना चाहते थे…लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोककर गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने यह भी बताया कि इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं के चोटिल होने की सूचना है।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि जनता की समस्याओं को सरकार के सामने रखना और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाना लोकतांत्रिक अधिकार है। कांग्रेस केवल आश्वासन नहीं चाहती…बल्कि सभी मांगों पर ठोस निर्णय और लिखित आदेश चाहती है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज दबने वाली नहीं है। क्षेत्र की जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आगे भी संघर्ष जारी रखेगी।


